पटना , फरवरी 02 -- बिहार की राजधानी पटना की एक विशेष अदालत ने सोमवार को चर्चित दुलारचंद हत्याकांड में जेल में बंद विधायक अनंत सिंह को मंगलवार को विधानसभा में शपथ लेने की इजाजत दे दी।

सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय की अदालत में विधायक अनंत सिंह की ओर से उनके वकील सुनील कुमार ने एक आवेदन दाखिल कर न्यायिक हिरासत में रहते हुए ही उन्हें शपथ लेने की अनुमति दिए जाने की प्रार्थना की थी।

आवेदन पर सुनवाई के बाद अदालत ने श्री सिंह की प्रार्थना स्वीकार करते हुए उन्हें शपथ लेने के लिए विधानसभा में पेश किए जाने का आदेश दिया। शपथ लेने के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान 30 अक्टूबर 2025 की शाम पटना के बसावनचक गांव में जनसुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में भदौर थाना कांड संख्या 110/2025 दर्ज किया गया था। विधायक श्री सिंह इस मामले में नामजद अभियुक्त हैं। पुलिस ने इस मामले में श्री सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। श्री सिंह विधानसभा चुनाव जीत गए थे लेकिन जेल में रहने के कारण शपथ नहीं ले पाए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित