पटना , फरवरी 03 -- मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के जेल में बंद विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।
श्री सिंह को अदालत से अनुमति मिलने के बाद कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के बीच बेउर केंद्रीय कारागार से बिहार विधानसभा लाया गया।
जदयू विधायक ने आज सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद निचले सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सदन के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उनका औपचारिक अभिवादन किया।
श्री सिंह को शपथ लेने के बाद पुनः बेउर केंद्रीय कारागार ले जाया गया।
उल्लेखनीय है कि अनंत सिंह पिछले तीन महीने से दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में हैं। दुलारचंद यादव की हत्या मोकामा विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के दौरान जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते समय कर दी गई थी।
इस मामले में पटना सिविल कोर्ट ने इस जदयू विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद श्री सिंह ने पटना उच्च न्यायालय में जमानत के लिए आवेदन किया है, जो फिलहाल विचाराधीन है।
अनंत सिंह ने हल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से कद्दावर नेता सूरजभान सिंह की पत्नी राजद प्रत्याशी वीणा देवी को लगभग 28,000 मतों के अंतर से पराजित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित