लंदन , मार्च 18 -- यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर से मुलाकात करने और आम सहमति बनाने का आग्रह किया है। श्री ज़ेलेंस्की ने यह आह्वान अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की बार-बार आलोचना करने के बाद की है।
श्री स्टारमर के साथ बातचीत करने के बाद बीबीसी को मंगलवार को दिए एक विशेष साक्षात्कार में यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि हालांकि वह राष्ट्रपति ट्रम्प को यह नहीं बताएंगे कि उन्हें क्या करना चाहिए लेकिन दोनों नेताओं को संबंधों को फिर से मजबूत करने के लिए मुलाकात करनी चाहिए।
ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों से भड़की जंग, श्री ट्रम्प द्वारा नाटो सहयोगियों की आलोचना और श्री स्टारमर की कथित सैन्य कार्रवाई की कमी के बाद एक राजनयिक विवाद में तब्दील हो गई है।
मंगलवार को अपने नवीनतम हमले में, श्री ट्रम्प ने श्री स्टारमर के लिए कहा कि 'वह विंस्टन चर्चिल नहीं हैं' और उन्होंने कहा कि हालांकि वह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को एक नेक इंसान मानते हैं लेकिन वह उनसे बहुत निराश हैं।
श्री स्टारमर ने दृढ़ता से जवाब देते हुए इस बात पर बल दिया कि ब्रिटेन किसी व्यापक युद्ध में नहीं उलझेगा और उन्होंने अमेरिका-ब्रिटेन के स्थायी संबंधों को दोहराया।
श्री जेलेंस्की ने यह भी कहा कि उन्हें पश्चिम एशिया संघर्ष के यूक्रेन युद्ध पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में सोचकर बहुत बुरा लग रहा है क्योंकि शांति वार्ता लगातार स्थगित हो रही है और इसका एक ही कारण 'ईरान युद्ध' है।
श्री स्टारमर ने मंगलवार को डाउनिंग स्ट्रीट में श्री ज़ेलेंस्की का स्वागत किया जो कि यूक्रेनी नेता के यूरोपीय राजधानियों के दौरे का नवीनतम पड़ाव था।
श्री ज़ेलेंस्की ने पिछले सप्ताह पेरिस का दौरा किया था और बुधवार को वह स्पेन की यात्रा करेंगे। ये दौरे ऐसे समय में हो रहे हैं जब पश्चिम एशिया का संघर्ष रूस के पूर्ण आक्रमण के खिलाफ यूक्रेन के चार साल के संघर्ष पर भारी पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित