रांची , दिंसबर 06 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड के देवघर जिले के ठाड़ी दुलमपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया।

दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आये श्री नड्डा ने आज भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान कर कांग्रेस ने न केवल राजनीति की मर्यादा तोड़ी, बल्कि आदिवासी अस्मिता को भी ठेस पहुँचाई है। नड्डा ने कहा कि अब झारखंड को झामुमो की विफल और भ्रष्ट सरकार से मुक्त कराने की जरूरत है, क्योंकि इस सरकार ने राज्य की छवि खराब की है।

श्री नड्डा ने एनसीआरबी के ताजा आंकड़ों का हवाला देते हुए नड्डा ने कहा कि ऑनर किलिंग मामलों में झारखंड देश में पहले स्थान पर है, जबकि हत्या के मामलों में यह दूसरे स्थान पर पहुँच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों और माफियाओं को सरकारी संरक्षण प्राप्त है। दुष्कर्म, दहेज हत्या और डायन प्रथा जैसी घटनाओं में चिंताजनक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने सवाल किया-"क्या जनता को वादे के अनुसार 450 रुपये में गैस सिलिंडर मिला? क्या दस लाख युवाओं को नौकरी दी गई? क्या सभी को स्वास्थ्य कार्ड दिया गया? क्या किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान का एमएसपी मिला?"उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियाँ 'हाथी के दांत' की तरह हैं-दिखाने के लिए कुछ और, उपयोग के लिए कुछ और।

श्री नड्डा ने दावा किया कि राज्य सरकार ने ही योजनाबद्ध तरीके से आदिवासी युवक सूर्या हांसदा का फेक एनकाउंटर कराया। उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हो के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या भी इसी शासन में हुई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई। हूल दिवस पर श्रद्धांजलि देने गए लोगों पर लाठीचार्ज कराना भी सरकार का दमनात्मक रवैया दर्शाता है।

श्री नड्डा ने कहा कि झारखंड में अवैध घुसपैठियों का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, जो आदिवासी जनसंख्या के लिए खतरा है। उन्होंने दावा किया कि 1951 में राज्य में आदिवासियों की आबादी 45 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 28 प्रतिशत रह गई है। हाई कोर्ट ने भी इस पर जांच की बात कही, लेकिन सरकार तुष्टिकरण की राजनीति में उलझी है और कोई कदम नहीं उठा रही।

श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 12 करोड़ शौचालय बनाए गए, जिससे महिलाओं को सम्मान मिला। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया और 40 प्रतिशत आबादी को आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया। नड्डा ने कहा कि भाजपा की सरकार ही झारखंड को विकास और स्थिरता के रास्ते पर ले जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित