जयपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान में जल जीवन मिशन (जेजेएम) में भ्रष्टाचार के विभिन्न प्रकरणों में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक पूर्व मंत्री, तीन अभियंता, संवेदक एवं उनका स्टाफ शामिल है।

राज्य के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में विधायक कालीचरण सराफ द्वारा लाये गये ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में यह जानकारी दी। श्री चौधरी ने बताया कि इसके अतिरिक्त 53 संवेदकों तथा दो तृतीय पक्ष जांच एजेंसियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी है। इनसे 5.34 करोड़ रुपये की वसूली की गयी है एवं 3.77 करोड़ रुपए की वसूली प्रक्रियाधीन है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रकरणों में अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच किये जाने का निर्णय लिया गया। जेजेएम से संबंधित भ्रष्टाचार प्रकरणों में अब तक 206 राजसेवकों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 68 राजसेवकों के विरुद्व कार्मिक विभाग द्वारा सीसीए नियम-16 के तहत आरोप पत्र जारी किए जा चुके है तथा 23 अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 18 अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुच्छेद 17 ए के तहत कार्रवाई की अनुमति दी गयी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार जयपुर शहर में वर्तमान एवं भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं के अनुरूप योजना बनाकर काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित