आगर-मालवा , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिला चिकित्सालय में डिलीवरी के दौरान जन्मी जुड़वां नवजात बच्चियों की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के अर्जुन नगर क्षेत्र निवासी सीमा बैरागी (25) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां प्रसूता ने जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया, लेकिन दोनों ही मृत अवस्था में पाई गईं। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

परिजनों का आरोप है कि प्रसूता को समय पर समुचित उपचार नहीं मिला तथा ब्लड टेस्ट और अन्य औपचारिकताओं के कारण विलंब हुआ। उन्होंने बताया कि प्रसव की स्थिति लेबर रूम के बाहर ही बन गई थी, जिसके बाद प्रसूता को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया, जहां सामान्य डिलीवरी कराई गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलने पर कुछ सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की बात कही गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित