आगर-मालवा , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुसनेर पुलिस ने बीती रात कार्रवाई करते हुए 32 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान सुसनेर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आडे खाल के पास कंठाल नदी किनारे जंगल क्षेत्र (डग मार्ग, सुसनेर) में 25-30 व्यक्ति ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा।
जंगल क्षेत्र होने के कारण पुलिस बल ने सुनियोजित ढंग से घेराबंदी की। मौके पर कुछ लोग प्रकाश की व्यवस्था कर "अंदर-बाहर" नामक जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने सभी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। संपूर्ण कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई तथा पंचों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती पंचनामा तैयार किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम (मध्यप्रदेश) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। जब्त मशरूका मालखाने में जमा कराया गया है।
कार्रवाई में कुल 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें समीपवर्ती राजगढ़, झालावाड़ जिलों के साथ ही सोयत, जीरापुर और सुसनेर क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 2 लाख 52 हजार रुपये नकद तथा तीन ताश की गड्डियां (प्रत्येक में 52 पत्ते) जब्त की गईं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अक्षयसिंह बैंस, उपनिरीक्षक केशरसिंह गिरोठिया, आरक्षक गिरीराज जामलिया, भगवानसिंह दांगी, सीताराम दांगी, विक्रम वर्मा, पुरूषोत्तम शर्मा सहित थाना सुसनेर के पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित