पटना , फरवरी 11 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बुधवार को सदन में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार को निर्देश दिया कि प्रदेश की सभी जीविका दीदियों के पहचानपत्र बना दिये जायें।

ग्रामीण विकास मंत्री श्री कुमार ने बिहार विधानसभा में आज राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) विधायक स्नेहलता के अल्पसूचित प्रश्न का जवाब देते हुए कहा था कि जीविका दीदियों को ड्रेस कोड या पहचान उनके सामुदायिक संगठन को देना है। उन्होंने कहा कि दीदियों की सुरक्षा परेशानी का विषय नही है और किसी भी तकलीफ की स्थिति में वह 112 डायल कर पुलिस की मदद ले सकती हैं।

इसके बाद श्रीमती स्नेहलता ने कहा कि सुरक्षा इतना बड़ा मुद्दा नही है , लेकिन सरकार जीविका दीदियों को पहचान पत्र देने पर विचार करे। इस दलील को सुन कर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने मंत्री से कहा कि जीविका दीदियों को पहचान पत्र दिलवा दीजिये, जिसे मंत्री श्री कुमार ने स्वीकार कर लिया और कहा कि जिन संगठनों की जिम्मेदारी है उन्हें निर्देश दे कर पहचान पत्र बनवा देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित