पटना , जनवरी 14 -- बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को नई दिशा देते हुए बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया।

इस एमओयू के अंतर्गत बिहार पुलिस अकादमी परिसर में "जीविका दीदी की रसोई" का संचालन किया जाएगा, जिससे पुलिस प्रशिक्षुओं को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इस साझेदारी का उद्देश्य केवल भोजन सेवा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि राज्य की ग्रामीण महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करना भी है। "जीविका दीदी की रसोई" के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं एक संगठित और पेशेवर ढांचे में रसोई का संचालन करेंगी। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ-साथ उनके कौशल, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता क्षमता को भी मजबूती मिलेगी।

इसका प्रबंधन "अन्नपूर्णा जीविका फूड प्रोडक्ट्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पटना" के माध्यम से किया जाएगा। यह कंपनी महिलाओं द्वारा संचालित एक पेशेवर कंपनी है, जो बड़े संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण भोजन सेवाएं उपलब्ध करा रही है। कंपनी द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता, पोषण और समयबद्ध सेवा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे पुलिस अकादमी के प्रशिक्षुओं को संतुलित और स्वास्थ्यवर्धक आहार मिल सके।

जीविका द्वारा महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। राज्य भर में स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से लाखों महिलाएं विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों से जुड़ी हैं। "जीविका दीदी की रसोई" जैसी पहलें इस बात का उदाहरण हैं कि कैसे महिलाओं की सामूहिक शक्ति को संस्थागत रूप से रोजगार और आय के स्थायी अवसर बनाए जा सकते हैं।

बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के साथ यह सहयोग से एक ओर पुलिस अकादमी को विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध होगी, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को बड़े सरकारी संस्थानों के साथ काम करने का अवसर प्राप्त होगा। यह मॉडल भविष्य में अन्य प्रशिक्षण संस्थानों, कार्यालयों और शैक्षणिक परिसरों में भी अपनाया जा सकता है।

इस अवसर पर जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, हिमांशु शर्मा, विशेष कार्य पदाधिकारी, राजेश कुमार एवं बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर से चन्द्र प्रकाश, सहायक निदेशक (एडमिन), राजगीर उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित