चंडीगढ़ , मार्च 31 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसे रोगों के समाधान में आयुर्वेद एक टिकाऊ और प्रभावी विकल्प है। चंडीगढ़ में श्री धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुएउन्होंने कहा कि आयुर्वेद शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन पर समान रूप से जोर देता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नये शैक्षणिक ब्लॉक का लोकार्पण किया और साइंटिफिक जर्नल का विमोचन भी किया। साथ ही संस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मानित किया और बीएएमएस छात्रों के उत्कृष्ट परिणाम पर प्रसन्नता जतायी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। आयुर्वेदिक संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने, शोध को प्रोत्साहन देने और चिकित्सकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। कुरुक्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की गयी है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला स्तर पर आयुष विंग स्थापित किये गये हैं और 572 आयुष चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती की गयी है। अब तक 400 आयुष औषधालयों और 138 उप-स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अपग्रेड किया जा चुका है। सभी जिलों में पंचकर्म केंद्र स्थापित किये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित