श्रीगंगानगर , मार्च 10 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में मंगलवार को राजस्थान स्टेट जीएसटी विभाग ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और कुसुम योजना के तहत सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने वाले कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
मुख्य आयुक्त कुमार पाल गौतम के निर्देश पर श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के छह सोलर कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई की गयी। सर्वे के दौरान कर चोरी पाए जाने पर चार फर्मों ने स्वेच्छा से 75 लाख रुपये नकद राजकोष में जमा करा दिए, जबकि दो फर्मों के दस्तावेजों की जांच जारी है।
विभाग के अनुसार संभाग में कुल छह दलों का गठन किया गया था जिसमें 23 अधिकारी शामिल थे। श्रीगंगानगर में तीन और हनुमानगढ में तीन व्यवसायिक स्थलों पर यह तलाश सर्वे अभियान चलाया गया। श्रीगंगानगर में स्टेट जीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) रामेन्द्र शर्मा ने बताया कि ये फर्में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और कुसुम योजना के तहत सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाती हैं।
उन्होंने बताया कि ये फर्मेें उपभोक्ताओं को मिलने वाला अग्रिम अनुदान तो ले लेती हैं, लेकिन उस पर लागू जीएसटी का भुगतान समय पर नहीं करतीं। सोलर रूफटॉप परियोजना में 70 प्रतिशत हिस्सा गुड्स और 30 प्रतिशत हिस्सा सर्विस माना जाता है। इसके आधार पर गुड्स पर पांच प्रतिशत और सर्विस पर 18 प्रतिशत जीएसटी लागू होता है, लेकिन कई फर्में इस अनुपात का पालन नहीं कर रही थीं। साथ ही अग्रिम अनुदान प्राप्त करने के बावजूद कर बिना ब्याज के देरी से जमा कर रही थीं या बिल्कुल ही जमा नहीं कर रही थीं। विभाग ने ऑनलाइन डेटा विवरण के आधार पर इन फर्मों की पहचान की और फिर भौतिक रेकी करके सर्वे की कार्रवाई की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित