जयपुर , जनवरी 23 -- भारत में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में सबसे बड़ा सम्मेलन ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल (जीएचडब्लूएफ) का पांचवां संस्करण 28 फरवरी और एक मार्च को जयपुर में आयोजित किया जायेगा।
जीएचडब्लूएफ के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि यह दो दिवसीय सम्मेलन बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा और यह संस्करण 'लोकल टू ग्लोबल' की थीम के साथ आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जीएचडब्लूएफ का आयोजन जयपुर के लिए एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि पहली बार अंतरराष्ट्रीय चिकित्सक और स्वास्थ्य देखभाल विशेषज्ञ इसमें हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय मेडिकल प्रोफेशनल्स के बीच नॉलेज एक्सचेंज को बढ़ावा देकर जयपुर को ग्लोबल हेल्थकेयर मैप पर लाने में मदद करेगा।
उन्होंने बताया कि इस साल जीएचडब्लूएफ में नये विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इंश्योर इंडिया कॉन्क्लेव जिसमें देश भर से तीन हजार से ज़्यादा इंश्योरेंस एडवाइजर एक छत के नीचे इकट्ठा होने की उम्मीद है। हेल्दी एजिंग और प्रिवेंटिव केयर को बढ़ावा देने के लिए एक छत के नीचे सीनियर सिटीजन का अब तक का सबसे बड़ा जमावड़ा होगा। इसके अलावा महिला स्वास्थ्य वर्ल्ड रिकॉर्ड जिसमें महिलाओं पर केंद्रित एक सम्मेलन होगा, जिसमें एक हजार से ज़्यादा महिलाएं स्त्री रोग संबंधी स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा करेंगी।
इस आयोजन के समापन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मिनिषा लांबा की मौजूदगी में अस्पतालों, स्पॉन्सर और योगदानकर्ताओं को पुरस्कार और सम्मान दिया जायेगा।
जीएचडब्लूएफ के सह संस्थापक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस साल जीएचडब्लूएफ में 15 हजार से ज़्यादा प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इसके अलावा इस दौरान 200 से ज़्यादा खिलाड़ियों के साथ एक ओपन चेस लीग भी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित