भोपाल , मार्च 19 -- रेलवे परिसर से चोरी हुए डम्पर ट्रक के मामले में जीआरपी भोपाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में वाहन बरामद कर लिया तथा घटना में संलिप्त एक नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस के अनुसार 15 मार्च की मध्यरात्रि फरियादी मिराज खान निवासी करोंद ने पश्चिम रेलवे कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन साइट से डम्पर ट्रक चोरी होने की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि एक नाबालिग बालक एक दिन पूर्व साइट पर काम मांगने गया था, लेकिन उम्र कम होने के कारण उसे काम नहीं मिला। पूर्व में वाहन चलाना सीख चुके इस बालक ने मौके पर खड़े डम्पर में चाबी लगी देखकर उसे लेकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक रेलवे राहुल कुमार लोढ़ा के मार्गदर्शन तथा अन्य अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर जेपी नगर स्थित कार्बाइड फैक्ट्री क्षेत्र से डम्पर ट्रक बरामद किया। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर काउंसलिंग के बाद किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में जीआरपी भोपाल के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित