भरतपुर , मार्च 16 -- राजस्थान के सवाई माधोपुर में रविवार देर रात जयपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेन में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मानवता की मिसाल पेश करते न केवल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, बल्कि उपचार के दौरान रक्त की जरूरत पड़ने पर जीआरपी के एक कॉन्स्टेबल ने रक्तदान करके महिला की जान बचाने में मदद भी की।

जीआरपी सूत्रों ने सोमवार को बताया कि ट्रेन में सफर कर रही आरती देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर स्थिति को देखते हुए सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर उतारा गया और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल सवाई माधोपुर में भर्ती कराया गया।

इस बीच, अस्पताल में उपचार के दौरान महिला को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ने पर जीआरपी थाना सवाई माधोपुर में तैनात कॉन्स्टेबल दाताराम ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत रक्तदान किया। इससे महिला का इलाज समय पर शुरू हो सका। समय पर उपचार मिलने के बाद महिला ने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित