अमृतसर , मार्च 11 -- पंजाब में अमृतसर के उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने बुधवार को कहा कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल/डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
उपायुक्त ने जिले के पेट्रोलियम/एलपीजी अधिकारियों, पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में स्पष्ट किया कि जमाखोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 67 गैस एजेंसियां और 303 पेट्रोल पंप काम कर रहे हैं और कहीं भी घरेलू गैस या पेट्रोल/डीजल की कोई कमी नहीं है, तथा इनकी आपूर्ति लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस में थोड़ी कमी आई है और इसे भी जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि उन्हें कोई समस्या आती है, तो तुरंत जिला प्रशासन के ध्यान में लाएं ताकि पंजाब सरकार के माध्यम से इसे केंद्र सरकार तक पहुंचाया जा सके।
श्री सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरेलू गैस और पेट्रोल/डीजल की कोई समस्या नहीं है, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि निवासी जमाखोरी से बचें और यदि उनके ध्यान में कोई समस्या आती है, तो प्रशासन से संपर्क करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित