मनेंद्रगढ़ , नवंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 09 नवंबर से 10 नवंबर सेंट पेट्रिक एकेडमी, लालपुर में किया जाएगा।

यह प्रतियोगिता जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले के सभी विकासखंडों की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी।

प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। प्रथम वर्ग में 09 से 18 वर्ष तक की युवतियां भाग ले सकेंगी, जबकि द्वितीय वर्ग में 18 से 35 वर्ष तक की महिलाएं शामिल होंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता से पूर्व विकासखंड स्तर पर चयन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जनकपुर विकासखंड में महिला खेल प्रतियोगिता 06 नवंबर, खड़गवां विकासखंड में 07 नवंबर, तथा मनेंद्रगढ़ विकासखंड में 08 नवंबर 2025 को संपन्न होगी। इन प्रतियोगिताओं में चयनित विजेता खिलाड़ी ही जिला स्तरीय मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिला खिलाड़ियों के लिए पंजीयन फार्म, आधार कार्ड की प्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य किया गया है। सभी प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क पंजीयन सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा प्रतियोगिता के दौरान भोजन, आवास और आवश्यक खेल सामग्री की व्यवस्था भी जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करना है। खेल के माध्यम से महिलाएं न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनेंगी, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित होगी। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन जैसी विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होने का अवसर भी मिलेगा। आयोजन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए खेल अधिकारियों से 8109590904 तथा 7000487964 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित