बैतूल , जनवरी 16 -- मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देश पर बैतूल जिले में आज से दो दिवसीय जिला स्तरीय ओलम्पियाड प्रतियोगिता शुरु हुई।

जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर शासकीय स्कूलों के कुल 5064 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानना और उनमें तार्किक सोच व विश्लेषण क्षमता विकसित करना है।

पहले दिन कक्षा दूसरी और तीसरी के छात्रों ने हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषयों की परीक्षा दी, जबकि कक्षा छठवीं से आठवीं के विद्यार्थियों ने हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी विषयों में अपनी दक्षता दिखाई। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। विद्यार्थियों को ओएमआर शीट उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रारूप का अनुभव मिल सके। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक लाने-ले जाने के लिए परिवहन व्यवस्था और भोजन की सुविधा भी सुनिश्चित की गई।

जिला परियोजना समन्वयक के अनुसार शनिवार को कक्षा चौथी और पांचवीं के छात्रों की हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण विषयों की परीक्षा होगी। वहीं कक्षा छठवीं से आठवीं के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, गणित और सामान्य विज्ञान की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं तथा संस्था प्रमुखों को पंजीकृत विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित