कपूरथला , फरवरी 27 -- पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत शुक्रवार को विरसा विहार में जिला प्रशासन द्वारा पंचायत समिति के 88 तथा जिला परिषद के 10 नये चुने सदस्यों के लिए एक विशेष जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह करवाया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) वरिंदरपाल सिंह बाजवा ने नये चुने प्रतिनिधियों को पद के प्रति सच्ची श्रद्धा, भारत की संप्रभुता और अखंडता को बनाये रखने के बिना किसी डर, पक्षपात, संदेह या दुर्भावना के भारत के संविधान तथा कानून के अनुसार न्याय करने की शपथ दिलायी। इस अवसर पर उनके साथ कपूरथला से आम आदमी पार्टी के हलका प्रभारी एडवोकेट करमबीर सिंह चंदी, हलका भुल्लथ से आम आदमी पार्टी के प्रभारी एडवोकेट हरसिमरन सिंह घुम्मण, सुल्तानपुर लोधी से हलका इंचार्ज तथा चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट सज्जन सिंह चीमा तथा डी.डी.पी.ओ. गुरप्रताप सिंह भी उपस्थित थे।

नये सदस्यों को संबोधित करते हुए श्री बाजवा ने कहा कि जिला परिषद तथा ब्लॉक समिति के सदस्य लोकतंत्र व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से कहा कि वे पूर्ण ईमानदारी से सरकार द्वारा प्राप्त ग्रांटों का उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि गांवों को हर पहलू से उत्कृष्ट बनाया जा सके। उन्होंने अपील की कि वे लोगों द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूर्ण लगन, ईमानदारी, पारदर्शिता तथा निष्पक्षता के साथ निभायें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित