रामानुजगंज/बलरामपुर , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ में रामानुजगंज के जिला जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की शनिवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। जेल अधीक्षक वाल्मीकि ध्रुव से आज (शनिवार) मिली जानकारी के अनुसार,मृतक की पहचान बिशन उर्फ बिशुन कोड़ाक (48 वर्ष), निवासी सीतारामपुर पाठ दामरपारा, थाना पस्ता, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है। वह थाना पस्ता में दर्ज अपराध क्रमांक 74/2023 में विभिन्न धाराओं में 15 नवंबर 2023 से न्यायिक अभिरक्षा में था।

श्री ध्रुव ने बताया कि 20 फरवरी की शाम करीब 6 बजे बंदी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे तत्काल रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भेजा गया था। चिकित्सकों द्वारा दस्त, उल्टी और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत पर उपचार दिया गया। रात में हालत स्थिर होने पर चिकित्सकीय परामर्श के बाद लगभग रात 9 बजे उसे पुनः जेल दाखिल किया गया।

आज सुबह करीब 9:45 बजे बंदी की तबीयत फिर बिगड़ गई। पेट दर्द की शिकायत मिलने पर जेल प्रहरियों ने तत्काल उसे दोबारा 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया। सुबह लगभग 10.30 बजे जांच एवं उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय कैदी की हालत अत्यंत गंभीर थी और परीक्षण के बाद मृत्यु की पुष्टि की गई है।

मृत्यु की सूचना रामानुजगंज थाना द्वारा मृतक के परिजनों को दे दी गई है। नियमानुसार तहसीलदार रामानुजगंज की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की जाएगी एवं चिकित्सकों की टीम द्वारा अस्पताल में ही पोस्टमार्टम संपन्न कराया जाएगा। जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे।

जेल प्रशासन ने बताया कि पूरे प्रकरण में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया है। मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। प्रशासन ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित