बारां , जनवरी 25 -- राजस्थान में बारां जिले में राष्ट्रगीत वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना केन्द्र में आयोजित प्रदर्शनी का जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुभारंभ कर अवलोकन किया। उन्होंने भारतीय कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी के बेहतर संयोजन की सराहना करते हुए आमजन की सुविधा के लिये दो दिवसीय प्रदर्शनी को अब 31 जनवरी तक अवलोकनार्थ खुला रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कराया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे राष्ट्रगीत वंदेमातरम से जुड़ी गौरवपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित हो सकें।

वंदेमातरम-150 थीम पर आयोजित इस प्रदर्शनी में बंकिमचन्द्र चटर्जी द्वारा रचित राष्ट्रगीत वंदेमातरम की ऐतिहासिक भूमिका को दर्शाया गया है।

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रगीत द्वारा देश को एकता के सूत्र में बांधने, देशप्रेम की भावना को सशक्त करने एवं जनआंदोलन में इसकी प्रेरणादायक भूमिका से जुड़े रोचक एवं तथ्यपरक विवरणों का समावेश किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित