पौड़ी , मार्च 31 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले में वित्त वर्ष 2025-26 की समाप्ति के मद्देनज़र जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को जिला कोषागार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान डबल लॉक कक्ष की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए स्टांप, पैडलॉक, बहुमूल्य पंजिका एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की विस्तार से जांच की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी भदौरिया ने स्वयं स्टांप की गणना कर अभिलेखों से मिलान किया। जांच में सभी अभिलेख एवं भौतिक स्टॉक नियमानुसार एवं सुव्यवस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। साथ ही कोषागार परिसर में कराए गए मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए कार्यों को संतोषजनक बताया।

वहीं जिलाधिकारी ने बताते हुए कहा कि पेंशन एवं अभिलेखागार कक्षों का निरीक्षण कर मुख्य कोषाधिकारी को निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाया जाए। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने कोषागार के सभी कक्षों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों के सुरक्षित एवं पारदर्शी रख-रखाव तथा परिसर के शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि सितंबर में किए गए निरीक्षण के दौरान कोषागार भवन की स्थिति जर्जर पाई गई थी, जिसके बाद जिलाधिकारी द्वारा मरम्मत कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। पुनः निरीक्षण में उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृत बजट से चल रहे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि कोषागार का संचालन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से हो सके।

इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, कोषाधिकारी कमल किशोर उप्रेती सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित