जालौन , जनवरी 29 -- जालौन में गुरुवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने जिला कारागार का सघन एवं औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी बैरकों की बारीकी से तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बैरकों की प्रतिदिन अनिवार्य रूप से सघन जांच कराई जाए और प्रत्येक निरीक्षण का विधिवत अभिलेख तैयार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की स्वच्छता और आपूर्ति व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए और गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कारागार प्रशासन में अनुशासन, सुरक्षा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्कता बढ़ाने, नियमित चेकिंग करने और अनुशासन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागार की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक नीरज देव सहित कारागार के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित