हरारे , अप्रैल 29 -- जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान के साथ आगामी सफेद गेंद दौरे के लिए 15 सदस्यीय महिला टीम में बदलाव करते हुए नोमवेलो सिबांडा को कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी है।

यह कदम लंबे समय से कप्तान रहीं मैरी-ऐनी मुसोंडा के 27 अप्रैल को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने के बाद जिम्बाब्वे क्रिकेट ने उठाया है। अब अंतरिम कप्तान नोमवेलो सिबांडा को टीम की जिम्मेदारी की गई है। उन्हें अनुभवी ऑल-राउंडर प्रेशियस मारेंज का सपोर्ट मिलेगा, जिनकी मौजूदगी कम अनुभवी टीम को गाइडेंस देती है।

जिन खिलाड़ियों पर नज़र रहेगी उनमें होनहार ऑल-राउंडर केलिस नधलोवू हैं, जो पिछले महीने न्यूज़ीलैंड दौरे के दौरान लगी चोट से उबरने के बाद वापस आ रही हैं। इसके अलावा टीम में उभरती हुई खिलाड़ी बिलव्ड बिजा और एडेल जिमुनु भी हैं।

हालांकि, टीम में कई अनुभवी नाम नहीं होंगे। जोसेफिन नकोमो और न्याशा ग्वानज़ुरा चोट के कारण बाहर हैं, जबकि चिपो मुगेरी-तिरिपानो पर्सनल कमिटमेंट्स के कारण उपलब्ध नहीं हैं।

यह जिम्बाब्वे महिला टीम का पहला पाकिस्तान दौरा है। तीन, छह और नौ मई को होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद 12, 14 और 15 मई को तीन मैचों की टी-20 सीरीज होगी। सभी छह मैच कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में खेले जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित