पीलीभीत , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के पूरनपुर निवासी हर्षित मिश्रा की बदायूं में हुई हत्या के मामले को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

जितिन प्रसाद ने नई दिल्ली स्थित मंत्री कार्यालय में हरदीप सिंह पुरी से भेंट कर हिन्दुस्तान पेट्रालियम कॉरपोरेशन लिमिटेड में कार्यरत हर्षित मिश्रा की हत्या के पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर्षित भारत सरकार के उपक्रम एचपीसीएल में सेवा दे रहे थे, जिससे इस मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।

गौरतलब है कि पूरनपुर के साहूकारा लाइनपार निवासी सुशील मिश्रा के पुत्र हर्षित मिश्रा बदायूं जिले के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले प्लांट परिसर में ही अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद से परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और उनका आरोप है कि यह घटना सोची-समझी साजिश के तहत की गई है।

जितिन प्रसाद ने सामाजिक माध्यमों के जरिए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह लगातार हर्षित मिश्रा के परिवार के संपर्क में हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित