नयी दिल्ली , मार्च 24 -- जिंदल स्टेनलेस ने अपनी मेल्टिंग क्षमता 40 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा के दो साल के भीतर इंडोनेशिया में 12 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता वाले स्टेनलेस स्टील मेल्ट शॉप (एसएमएस) का संचालन शुरू कर दिया है।

कंपनी ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इससे उसकी कुल मेल्टिंग क्षमता बढ़कर 42 लाख टन सालाना हो जायेगी। इसमें देश में 30 लाख टन की क्षमता भी शामिल है।

जिंदल स्टेनलेस ने संयुक्त उद्यम के तहत इंडोनेशिया में यह प्लांट विकसित किया है।

मेल्टिंग क्षमता में वृद्धि के साथ ही कंपनी ओडिशा के जाजपुर में 11 लाख टन सालाना की 'नयी हॉट रोल्ड एनील्ड पिकल्ड' (एचआरएपी) लाइन और 1.7 लाख टन की कोल्ड रोलिंग क्षमता शुरू करने की तैयारी कर रही है। ये दोनों लाइन क्रमशः वित्त वर्ष 2026-27 की चौथी तिमाही और दूसरी तिमाही तक शुरू होने की उम्मीद है। ये कार्य पहले से घोषित 1,900 करोड़ रुपये के व्यय के तहत किये जाएंगे।

उत्पादन श्रृंखला के अगले चरण में कंपनी ने अपनी कोल्ड रोलिंग क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए हिसार और खड़गपुर में 900 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है, जिन्हें वित्त वर्ष 2027-28 की दूसरी तिमाही तक संचालित किया जायेगा।

इन विस्तार परियोजनाओं के बाद कंपनी की कोल्ड रोलिंग क्षमता वित्त वर्ष 2027-28 तक 6.2 लाख टन बढ़कर 26.7 लाख टन प्रति वर्ष हो जायेगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस समकालिक वृद्धि से कंपनी को वित्त वर्ष 2028-29 तक लगभग 35 लाख टन की बिक्री का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी, जिससे अगले तीन वर्ष में बिक्री में दोहरे अंकों की वृद्धि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित