जालौन , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने साेमवार को जालौन में राजकीय मेडिकल कॉलेज में नई डायलिसिस यूनिट मशीनों का शुभारंभ वर्चुअल फीता काटकर किया।

इस महत्वपूर्ण पहल से जालौन तथा आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को अब अत्याधुनिक व सुलभ उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी, जिससे दूर-दराज़ शहरों पर निर्भरता कम होगी।

सभापति ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता और संवेदनशीलता सर्वोपरि है तथा चिकित्सकों को सेवा भाव के साथ मरीजों की देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए और संस्थान के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। छात्र-छात्राओं को उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता और मानवीय सेवा मूल्यों को सर्वोच्च रखने का संदेश भी दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित