जालौन , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आंगनवाड़ी सेवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 17 नवनिर्मित केंद्रों का लोकार्पण किया गया तथा 34 आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सुना। इसके उपरांत जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने जनपद के 17 नए आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण किया। साथ ही उरई नगर और माधौगढ़ क्षेत्र में दो बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास कर शिलापट्ट का अनावरण किया गया।
इस अवसर पर नवचयनित 34 आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जालौन परियोजना में 15 और कुठौंद परियोजना में 19 सहायिकाओं की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष परियोजनाओं में भी जल्द प्रक्रिया पूर्ण कर नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनपद को 39 स्मार्टफोन तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस प्राप्त होने हैं, जिन्हें उपलब्ध होते ही कार्यकत्रियों को सौंप दिया जाएगा।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि तकनीक के साथ आंगनवाड़ी सेवाओं का सशक्तिकरण महिला सशक्तिकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है। माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने इसे ग्रामीण पोषण और शिक्षा का मजबूत आधार बताया, जबकि कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित