जालौन , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को विकास भवन सभागार में मिनौरा सहकारी संघ द्वारा 'सहकार से समृद्धि' विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) राजेश्वर सिंह ने कहा कि सहकारिता समाज को जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसान, महिलाएं और युवा मिलकर कार्य करें तो गांवों का समग्र विकास संभव है। उन्होंने सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ब्रज भूषण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण परिवारों के लिए संबल का कार्य करती है और इसे व्यवहारिक रूप से अपनाने की आवश्यकता है। मुख्य वक्ता डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने सहकारिता को सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन का आधार बताते हुए इसके संचालन में पारदर्शिता और ईमानदारी पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों को प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित