जालौन , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में बुधवार को मकर संक्रांति का पावन पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। भीषण शीतलहर के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं ने कालपी स्थित पवित्र यमुना नदी तथा जगम्मनपुर के पचनद संगम में आस्था की डुबकी लगाई। आज तड़के से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से आए महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी पुण्य स्नान करते नजर आए।
कालपी के प्राचीन किला घाट, पीला घाट, बिहारी घाट और ढोडेश्वर घाट पर पूरे दिन स्नान करने वालों की भीड़ बनी रही। वहीं जगम्मनपुर के पचनद संगम पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, दान-पुण्य किया और मकर संक्रांति के पारंपरिक पर्व 'खिचड़ी' का प्रसाद ग्रहण किया।
पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस उपनिरीक्षक, पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड के जवानों को भी मुस्तैद रखा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित