जालौन , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बेमौसम बारिश और आंधी-तूफान से रबी फसलों को हुए नुकसान के बाद किसानों ने मुआवजे की मांग तेज कर दी है। भारतीय किसान यूनियन (कालपी) के तहसील अध्यक्ष अजय सिंह माल्थूवा के नेतृत्व में मंगलवार को किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि महेवा और कदौरा ब्लॉक क्षेत्रों में लगातार खराब मौसम के चलते गेहूं, चना, मटर, अरहर और लाही की फसलें व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं। तेज हवा और बारिश के कारण खड़ी फसलें गिर गईं, जबकि कटी हुई फसल भी उड़कर नष्ट हो गई।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना तथा दैवीय आपदा राहत कोष से शीघ्र मुआवजा दिया जाए। साथ ही प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जारी करने की अपील की। किसानों ने चेतावनी दी कि समय पर मुआवजा न मिलने पर उनकी आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा।

इस दौरान सतेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह परमार, शिव सिंह चौहान, चंद्रपाल सिंह, महेश यादव, जयराम कुशवाहा, अनुराग पाण्डेय, उदम सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, शिवपाल सिंह, हरेंद्र सिंह, अजय सिंह चौहान, रामस्वरूप सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित