जालौन , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को कालपी और छौक स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बोरे की कमी के कारण गेहूं की ढुलाई और खरीद प्रभावित होने की बात कही। इस पर जिलाधिकारी ने खाद्य एवं विपणन विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध कराए जाएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और किसी स्तर पर अनावश्यक देरी न होने पाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित