जालौन , मई 2 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिला मुख्यालय उरई स्थित विकास भवन में तैनात एक कर्मचारी की आत्महत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान हरिसिंह राठौर के रूप में हुई है, जो मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय में नाजिर पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, हरिसिंह राठौर ने बीती रात उरई कोतवाली क्षेत्र के नया पटेल नगर स्थित राजकीय कॉलोनी में अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। परिजन भी इस घटना से सदमे में हैं और किसी स्पष्ट वजह की जानकारी नहीं दे सके हैं। उरई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित