जालौन , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के उरई शहर के उद्योगपति रामौतार राजपूत के पुत्र डॉ. चंद्रभान पिछले 72 घंटे से लापता हैं, जिससे परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, डॉ. चंद्रभान किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गए थे, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं, हालांकि अब तक उनकी लोकेशन का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही युवक को बरामद कर लिया जाएगा।

इधर, बेटे के लापता होने से परिवार सदमे में है। विशेषकर उनकी बुजुर्ग मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह दरवाजे की ओर टकटकी लगाए बेटे के लौटने का इंतजार कर रही हैं।

परिवार ने बेटे की तलाश के लिए अनोखा प्रयास भी शुरू किया है। जालौन समेत आसपास के जिलों में चलने वाली बसों पर भावुक अपील वाले पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इन पोस्टरों में बेटे से घर लौटने की मार्मिक गुहार की गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार अपील की जा रही है कि डॉ. चंद्रभान जहां कहीं भी हों, सुरक्षित घर लौट आएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित