जालंधर , अप्रैल 18 -- पंजाब में जालंधर के गांव कादियां काला सिंघा रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और आसपास की दो फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में करीब 70 से 80 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी आर्थिक क्षति हुई है।
दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार के अनुसार सुबह लगभग ग्यारह बजे घास मंडी के पास आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी है। अब तक 15 से 20 फायर टेंडर और टैंकर आग बुझाने में लगाए जा चुके हैं, लेकिन आग की तीव्रता के चलते कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
घटना के दौरान सिलिंडर फटने का खतरा भी बना रहा, हालांकि आसपास के 20-25 घरों से गैस सिलिंडर सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। कई बाइकों और घरेलू सामान के जलने की भी खबर है। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाकर घरों से बाहर निकल आए।
पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही है और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित