जालंधर , अप्रैल 30 -- पंजाब में जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आईएसआई समर्थित जासूसी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने फिरोजपुर निवासी मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने कपूरथला से चीन निर्मित सोलर सीसीटीवी उपकरण भी बरामद किए हैं, जिनमें 4जी कनेक्टिविटी की सुविधा थी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर इन सोलर सीसीटीवी कैमरों को विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगा रहा था, जिनमें सेना से जुड़े प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। इन कैमरों के जरिए लाइव फुटेज मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजी जा रही थी।

इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ( एसएसओसी ) अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है। पूरे नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक खंगालने और अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित