नकोदर , जनवरी 21 -- पंजाब में जालंधर जिले के नकोदर उपमंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में, पुलिस ने मादक औषधि एवं मनोविकृति पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामलों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसके परिणामस्वरूप भारी मात्रा में अफीम, मादक गोलियां और नकदी बरामद हुई हैं।

नकोदर के पुलिस उपाधीक्षक ओंकार सिंह बराड़ ने बुधवार को मीडिया को बताया कि पहले मामले में, पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामलादर्ज कर सदर नकोदर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बाजूहरा खुर्द गांव के निवासी धर्मिंदर सिंह चीमा और उनकी पत्नी चरणजीत कौर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी मंगलवार को की गयी। ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने आरोपियों के पास से सात किलोग्राम अफीम, 4,900 रुपये ड्रग मनी और एक गाड़ी बरामद की। ड्रग सप्लाई चेन में उनके संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

डीएसपी बरार ने बताया कि एक अन्य बड़ी बरामदगी में, पुलिस ने मोगा-जालंधर राजमार्ग फ्लाईओवर के अंतर्गत ट्रक यूनियन क्षेत्र के पास तीन युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस स्टेशन सिटी नकोदर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान नीरज कुमार निवासी शहीद उधम सिंह नगर, नकोदर, अमन उर्फ बब्बू, निवासी कमालपुर, नकोदर और कपूरथला जिले के थाना सुभानपुर के गांव फोगरावाली निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लव के तौर पर हुई है। पुलिस ने उनके पास से 130 नशीली गोलियां बरामद कीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित