जालंधर , फरवरी 24 -- एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने जबरन वसूली से जुड़ी गोलीबारी की घटनाओं में शामिल बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) समर्थित एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए इसके दो मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक पिस्तौल, मैगजीन और आठ कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सन्नी और रावल के रूप में हुई है, जो एसबीएस नगर निवासी के तौर पर हुई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर, गोपी नवांशहरिया, जस्सी कुलम और सुशांत चोपड़ा-के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जो बीकेआई से जुड़े हुए हैं।

श्री यादव ने कहा कि जांच के अनुसार, आरोपियों ने पैसे वसूलने के लिए गढ़शंकर इलाके में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर कथित तौर पर दो बार गोलियां चलाई थीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनके संपर्कों (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज) का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित