रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार को विधानसभा में सरगुजा जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और कर्मचारियों की सही संलग्नता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री जायसवाल ने बताया कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में कर्मचारियों की संलग्नता की समीक्षा की जा रही है और अव्यवस्थित संलग्नताओं को समाप्त किया जाएगा।

यह घोषणा मंत्री ने विधायक प्रबोध मिंज के सवाल के जवाब में की। विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से जानकारी मांगी थी कि जिले के पीएचसी और सीएचसी में स्वीकृत पदों पर वर्तमान में कितने कर्मचारी कार्यरत हैं, किन्हें अन्यत्र संलग्न किया गया है, रिक्त पदों की पूर्ति कब होगी, और भवनविहीन स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति क्या है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उचित पदस्थापना सुनिश्चित की जाए और जिन क्षेत्रों में भवन नहीं हैं, वहाँ जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित