टोक्यो , नवंबर 06 -- जापान में हाल के महीनों में भालुओं के बढ़ते हमलों को देखते हुए सरकार ने पुलिस को जंगली भालुओं को बंदूक की गोली से मार डालने की इजाजत दी है। इसके लिए सरकार ने गुरुवार को कानूनों में संशोधन किया है।

हाल के दिनों में देश के अकीता और इवाते इलाकों में भालुओं के हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं । इसे देखते हुए भालुओं को जान से मारने का फैसला किया गया है। कानून में किए गए बदलाव आगामी 13 नवंबर से प्रभावी होंगे और उसी दिन से पुलिस भालुओं को मारने के अभियान की शुरुआत करेगी।

यह काम यहां की दंगा-रोधी पुलिस बल को सौंपा गया है। इस बल के चुनिंदा लोगों को पहले इस काम के लिए प्रशिक्षित किया जायेगा। यह पहली बार होगा जब जापान की पुलिस भालुओं के शिकार या नियंत्रण में सीधे रूप से शामिल होगी। इसके लिए दंगा-निरोधक पुलिसकर्मियों को लाइसेंस प्राप्त शिकारी और वन्यजीव विशेषज्ञों से प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनको भालुओं के व्यवहार, उनकी कमजोरियों को समझना और सटीकता से गोली चलाने की प्रैक्टिस शामिल होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित