लखनऊ/टोक्यो , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के पहले दिन जापान की प्रमुख ट्रेडिंग और निवेश कंपनी मित्सुई एंड कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कंपनी को उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश और औद्योगिक साझेदारी के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चार प्रमुख क्षेत्रों नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर में निवेश के अवसरों को लेकर चर्चा की। नवीकरणीय ऊर्जा के अंतर्गत सौर ऊर्जा, बायो-एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं पर निवेश की संभावनाएं प्रस्तुत की गईं। वहीं आईसीटी क्षेत्र में आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, डिजिटल सेवाएं और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
वहीं सेमीकंडक्टर सेक्टर में चिप निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई, जबकि डेटा सेंटर क्षेत्र में हाइपर-स्केल डेटा सेंटर, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल कनेक्टिविटी हब स्थापित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित