चेन्नई , नवंबर 24 -- एक जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मुख्यालय का दौरा किया और इसरो अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन के साथ चंद्रयान-5/लुपेक्स मिशन की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की।
इसरो ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में बताया गया कि जापानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जापान की राष्ट्रीय अंतरिक्ष नीति पर मंत्रिमंडलीय समिति के उपाध्यक्ष डॉ. साकु सुनेटा ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने इसरो और जापानी अंतरिक्ष एजेंसी जाक्सा के संयुक्त लूनर पोलर एक्सप्लोरेशन मिशन (चंद्रयान-5/लुपेक्स मिशन) की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करने के अलावा, अंतरिक्ष स्टेशन के लिए 'रोबोटिक आर्म', वैज्ञानिक उपग्रहों के प्रक्षेपण और संयुक्त गतिविधियों के लिए दोनों देशों के शोधकर्ताओं और निजी कंपनियों का समर्थन करने के संभावित अवसरों पर भी चर्चा की।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (यूआरएससी) के इसरो सैटेलाइट इंटीग्रेशन एंड टेस्ट एस्टैब्लिशमेंट (आईएसआईटीई) में तकनीकी सुविधाओं का भी दौरा किया।
एक अन्य बयान में, इसरो ने कहा कि एक जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने भी इसरो मुख्यालय का दौरा किया और मानव अंतरिक्ष उड़ान, 'इन-सीटू रिसोर्स यूटिलाइजेशन', 'क्वांटम कम्युनिकेशन' और उद्योग-स्तरीय जुड़ाव के क्षेत्र में भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के साथ सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की।
बयान में कहा गया कि जर्मनी के संघीय अनुसंधान प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष मंत्री की राज्य सचिव डॉ. सिल्के लॉनर्ट के नेतृत्व में जर्मन प्रतिनिधिमंडल का दौरा जर्मनी दूतावास के अनुरोध पर बेंगलुरु के अन्तरिक्ष भवन में आयोजित किया गया था।
इस सात-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में जर्मनी के संघीय अनुसंधान प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष मंत्रालय एवं बेंगलुरु में जर्मनी के वाणिज्य दूतावास के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित