धार, 12 दिसम्बर 2025 (वार्ता) मकर संक्रांति से पहले ही धार में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का उपयोग तेज हो गया है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ने लगी हैं। धार जिले में शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे एक मासूम के गले में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे उसके गले पर लंबा कट लग गया। पास ही साइकिल से चल रहा उसका साथी तुरंत धागा हटाने में सफल रहा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसी मांझे से कुछ दिन पहले एक बाइक सवार घायल हुआ था, जबकि हटावाड़ा क्षेत्र में एक बच्चे की जान भी जा चुकी है।

धार में भक्तांबर निवासी अभय पिता उमेश कौशल अपने दोस्तों के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था। देवीजी के मोड़ पर अचानक चाइनीज मांझा उसके गले में लिपट गया। साथी बच्चे ने समय रहते मांझा हटाया, फिर भी अभय के गले पर लंबा कट लग गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार का कहना है कि भक्तांबर क्षेत्र में शाम होते ही बच्चे चाइनीज मांझे से पतंग उड़ाते नजर आते हैं, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना रहता है।

चाइनीज मांझे पर रोक लगाने को लेकर जनसुनवाई में आवेदन के बाद कलेक्टर ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए और जांच दल बनाया है, लेकिन इसके बावजूद शहर में इसका उपयोग जारी है। कई क्षेत्रों में शाम होते ही चाइनीज मांझे से पतंग उड़ाई जाती है। इंदौर हाई कोर्ट ने इंदौर, देवास, उज्जैन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर मालवा, शाजापुर, राजगढ़, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन और बड़वानी सहित 14 जिलों में चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है और आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित