सुपौल , नवंबर 6 -- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बिहार के मतदाताओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर मतदान करने का आग्रह किया और कहा कि जाति या सांप्रदायिक पर आधारित राजनीति से प्रदेश का विकास संभव नही है।

श्री गडकरी ने सुपौल के गांधी मैदान में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों को बिहार और देश, दोनों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(एनडीए) के उम्मीदवारों को चुनना चाहिए।

गडकरी ने कहा कि मतदाताओं को जातिगत पहचान के बजाय विकासोन्मुखी प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर लोग जाति या धर्म के आधार पर मतदान करते रहेंगे, तो तो बिहार और देश प्रगति दोनों की प्रगति अवरुद्ध होगी।

केंद्रीय मंत्री ने एनडीए की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिहार, जो कभी पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, उसमे उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली आपूर्ति, सिंचाई और किसानों के लिए उचित फसल मूल्य निर्धारण के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। कृषि अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने के प्रयास जारी हैं, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

श्री गडकरी ने कहा कि किसानों की भूमिका पारंपरिक फसल उत्पादन से उन्नत खेती की तरफ बढ़ रही है। किसान अब ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, क्योंकि कृषि अवशेषों का उपयोग ऊर्जा उत्पादन के लिए तेज़ी से बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले वर्षों में यह एक बड़ी उपलब्धि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित