जांजगीर-चांपा , अप्रैल 01 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी गांव में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात आरोपियों ने पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान संतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।

बुधवार सुबह सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

प्राथमिक जांच में घटनास्थल से खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पैदल ही फरार हो गया। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित