जालंधर , अप्रैल 17 -- पंजाब में जालंधर जिले की मंडियों में गुरुवार शाम तक 10,012 टन गेहूं की आमद हो चुकी है। इसमें से विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा 6,182 टन फसल की खरीद की जा चुकी है।

उपायुक्त वरजीत वालिया ने शुक्रवार को बताया कि पनग्रेन द्वारा: 2,954 टन,मार्कफेड द्वारा 2,229 टन,पनसप द्वारा 790 टन ,पंजाब स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन द्वारा 153 टन और प्राइवेट व्यापारियों द्वारा 56 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं की खरीद, समय पर लिफ्टिंग और किसानों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार किसानों और मजदूरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। पेयजल, बैठने की व्यवस्था, बिजली, शेड, शौचालय आदि के उचित प्रबंध होने चाहिए।

श्री वालिया ने पंजाब सरकार द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जिला प्रशासन गेहूं की खरीद सीजन को सुचारू और निर्विघ्न रूप से निपटाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं रखेगा। उन्होंने बताया कि जिले में सुचारू खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए 79 रेगुलर और 24 अस्थायी मंडियां स्थापित की गई है। संबंधित अधिकारियों को मंडियों के लगातार दौरे करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित