जशपुर , नवंबर 06 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर पुलिस ने पुराने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। साथ ही, एक अलग मामले में लूट के प्रयास का आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

हत्या का मामला थाना सिटी कोतवाली का है, जहां पूरना नगर के तुरीटोंगरी इलाके में एक अधजली लाश बरामद हुई थी। इस हत्या के मामले की शुरुआत 15 अक्टूबर, 2024 को हुई थी, जब लाश मिली थी। पुलिस ने जांच शुरू कर पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, दो अन्य आरोपी शीतल मिंज और जीतू राम घटना के बाद से फरार चल रहे थे। गत छह नवंबर, 2025 को पुलिस की टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबीर सूचना के आधार पर दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और सबूतों के आधार पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस हत्या मामले में बी.एन.एस. की धारा 103(1), 238(क), और 61(2) के तहत अपराध दर्ज है।

पुलिस ने आज गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि एक अन्य मामले में, दो नवंबर, 2025 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेतरटोली में तीन लोगों ने एक पिकअप मालिक को लूटने का प्रयास किया गया था। पीड़ित की रिपोर्ट पर दो नवंबर, 2025 को ही बी.एन.एस. की धारा 127(1), 309(4), 298, 351(2), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पुलिस ने आवेश भगत नामक एक आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इस मामले के अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि हत्या के दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट के एक आरोपी की पकड़ पुलिस की कार्यशैली की सफलता है। लूट के मामले में फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इन मामलों की कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष कुमार तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित