जशपुर , दिसंबर 22 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दो अलग-अलग मामलों में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

पुलिस ने एक आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे को स्थानीय स्तर पर पकड़ा गया। दोनों ही मामलों में पीड़िताएं गर्भवती हो गई थीं, जिनको इलाज के दौरान इसका पता चला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से सोमवार मिली जानकारी के मुताबिक, चौकी दोकड़ा क्षेत्र के एक मामले में नाबालिग लड़की ने एक बच्ची को जन्म दिया है। उसने बताया कि स्कूल में ही उसकी मुलाकात 19 वर्षीय आरोपी लक्ष्मण राम से हुई थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अप्रैल-मई 2025 के दौरान अलग-अलग समय पर संबंध बनाये। पीड़िता की मां ने छह दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण राम को पुणे से गिरफ्तार करने के बाद उसे विधिवत जेल भेजा दिया।

दूसरा मामला थाना आस्ता क्षेत्र का है, जहां एक 17 वर्षीय बालिका के गर्भवती होने का पता चला। पूछताछ में उसने बताया कि मार्च 2025 में आरोपी संजीत टोप्पो (19) ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। 12 दिसंबर को दर्ज हुई इस रिपोर्ट के बाद आरोपी को मनोरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।

दोनों मामलों में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित