जशपुर , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 किलो से अधिक गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना तपकरा क्षेत्र के लावाकेरा बैरियर के पास की गई। यह गांजा ओडिशा से बिहार पहुंचाया जाना था।

पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की हुंडई वरना कार (नंबर डीएल-8सी-एएक्स-8014) ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर बिहार की ओर जा रही है। सूचना पर उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए लावाकेरा में नाकाबंदी की गई।

संदिग्ध कार के आने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डिक्की में स्टेपनी वाले हिस्से में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए, जिनमें 65 पैकेटों में कुल 67 किलो 135 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा था। पुलिस ने गांजे के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमन कुमार हिमांशु (36) निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 33 लाख 55 हजार रुपये और कार की कीमत छह लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है, जिससे कुल जब्त माल का अनुमानित मूल्य करीब 40 लाख रुपये है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले हाजीपुर, बिहार में उसकी मुलाकात एक महिला से हुई थी। उसी महिला के कहने पर वह संबलपुर, ओडिशा गया था। वहां से वह गांजा लेकर उसी महिला के साथ बिहार लौट रहा था लेकिन ओडिशा में ही महिला कार से उतर गई और आरोपी को अकेले ही गांजा पटना ले जाने का निर्देश दिया। महिला ने आरोपी को इसके बदले कुछ रकम देने की बात कही थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला को चिन्हित कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपी सुमन कुमार हिमांशु के खिलाफ थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक, सहायक उप निरीक्षक रामजी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक अमित त्रिपाठी, धीरेंद्र मधुकर, महिला आरक्षक मंजू यादव, लावाकेरा पुलिस चेक पोस्ट से प्रधान आरक्षक प्रकाश वाजपेई, आरक्षक सागर नायक और नगर सैनिक डमरूधर यादव का योगदान रहा।

डीआईजी ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित