जयपुर , मार्च 18 -- राजस्थान के जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग एवं ऑस्ट्रेलिया इंडिया वाटर सेंटर (एआईडब्ल्यूसी) के मध्य एक समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
राज्य के पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के मुख्य आतिथ्य में यह एमओयू हुआ। इस अवसर पर श्री दिलावर ने कहा कि यह समझौता केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ज्ञान, अनुभव एवं तकनीकी सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि यह समझौता शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिकारियों, नीति निर्माताओं एवं अन्य हितधारकों के लिए प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण के नए अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से सतत विकास, जल सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को मजबूती मिलेगी। यह सहयोग राज्य को भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर रूप से तैयार करेगा और समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया-इंडिया वॉटर सेंटर के सभी साझेदार संस्थानों, भारतीय सहयोगी संस्थाओं तथा इस पहल को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री दिलावर ने विश्वास व्यक्त किया कि यह समझौता दोनों देशों के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित करेगा और आने वाले समय में उत्कृष्ट परिणाम प्रदान करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित