बेंगलुरु , जनवरी 13 -- जर्मन फ्रेडरिक मर्ज़ ने मंगलवार को बेंगलुरु का अपना आधिकारिक दौरा पूरा किया और शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उन्हें गर्मजोशी के साथ विदाई दी गयी।।
यह दौरा आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक क्षेत्रों में भारत-जर्मनी संबंधों को मजबूत करने की एक व्यापक पहल का हिस्सा है, जिसमें नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के केंद्र के रूप में बेंगलुरु की भूमिका को उजागर किया गया है।
चांसलर मर्ज़ और उनका प्रतिनिधिमंडल आज सुबह बेंगलुरु पहुंचा और उन्होंने प्रमुख प्रौद्योगिकी और औद्योगिक संस्थानों के साथ बैठकें कीं, जिनमें उन्नत विनिर्माण, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, स्वच्छ ऊर्जा और नवाचार-संचालित उद्यमों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
भारत की प्रौद्योगिकी राजधानी के रूप में अक्सर संदर्भित इस शहर को प्रमुख औद्योगिक और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में जर्मन निवेश और सहयोग के अवसरों को प्रदर्शित करने के लिए चुना गया था।
भारी एवं मध्यम उद्योग एवं बुनियादी सुविधा विकास मंत्री एम.बी. पाटिल ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चांसलर मर्ज़ को व्यक्तिगत रूप से विदाई दी और कर्नाटक सरकार की ओर से हार्दिक विदाई अर्पित की। विस्तृत सुरक्षा व्यवस्थाओं के तहत अतिथि और उनके प्रतिनिधिमंडल की सुगम यात्रा सुनिश्चित की गई।
विदाई समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों में अतिरिक्त मुख्य सचिव गौरव गुप्ता, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के सचिव डॉ. के.जी. जगदीश, बेंगलुरु शहर के जिला आयुक्त जी. जगदीश, बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सिमंत कुमार सिंह, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी और नई दिल्ली स्थित जर्मन वाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधि शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि चांसलर की बेंगलुरु यात्रा एक व्यापक भारत दौरे का हिस्सा है, जो विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने में जर्मनी की रुचि को रेखांकित करती है। इस यात्रा का अखिल भारतीय महत्व है, क्योंकि नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ होने वाली बैठकों में व्यापार संबंधों को मजबूत करने, प्रस्तावित यूरोपीय संघ-भारत मुक्त व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने, रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने और गतिशीलता एवं कौशल विकास पहलों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है।
जर्मन चांसलर की इस यात्रा से अवसंरचना, प्रशासनिक सुधारों और औद्योगिक विकास में कर्नाटक और जर्मनी के बीच निरंतर सहयोग पर प्रकाश डाला गया है, साथ ही यह दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को भी दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित